कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग स्थित ‘साडा अड्डा कैफे’ में गुरुवार तड़के चोरी की घटना सामने आई। सुबह सफाईकर्मी जब दुकान पहुंचा तो शटर आधा खुला और ताला टूटा मिला। उसने तुरंत संचालक को सूचना दी।
दुकान संचालक लक्ष्मण श्रीवास मौके पर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। कैश काउंटर खाली मिला और सिगरेट समेत अन्य सामान गायब था। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 10 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया। डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से गंध लेकर सामने रेलवे ट्रैक की ओर मूवमेंट दिखाया।
कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में नकाबपोश बदमाशों की तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज में आरोपी शटर तोड़कर अंदर घुसते और सामान समेटते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
घंटाघर क्षेत्र में बढ़ीं चोरी की घटनाएं
शहर के घंटाघर इलाके में भी हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। शगुन पान ठेला और एक कपड़ा दुकान का ताला तोड़ने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इन मामलों में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।