कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के लक्ष्मण वन बस्ती इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मकान की दीवार पर जेसीबी मशीन से काम कराया जा रहा था। इसी दौरान मशीन के तेज झटके से दीवार अचानक भरभराकर गली की ओर गिर गई।
दीवार गिरने से वहां से गुजर रहे तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में मासूम धनेश कर्ष पिता मुकेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय विशाल यादव और 22 वर्षीय संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद लक्ष्मण वन बस्ती में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के जेसीबी से काम कराया जा रहा था, जो इस हादसे का कारण बना। नागरिकों ने इसे स्पष्ट लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोग कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी में हैं। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।