कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास निवासी सीएसईबी कॉलोनी के रूप में हुई है। वह पेशे से वीडियोग्राफर था और होली के लिए मिले ऑर्डर के सिलसिले में घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह मुड़ापार से टीपी नगर की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आए भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वाहन का पहिया सिर पर चढ़ जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। घटनास्थल से एक लॉक मोबाइल फोन मिला, जिसे मृतक के अंगूठे के निशान से अनलॉक कर परिजनों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही दोस्त और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
गौरतलब है कि नो-एंट्री खुलने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। ट्रक एसोसिएशन पहले ही इस फैसले का विरोध कर चुका है और दुर्घटनाओं की आशंका जताई थी। फिलहाल पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।