कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सर्वमंगला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक ट्रक चालक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बरमपुर निवासी युवक खदान से सटे रास्ते से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का दाहिना पैर कट गया और वह खून से लथपथ ट्रैक के पास पड़ा रहा।
फाटक पर तैनात गेटमैन ने घायल युवक को देखा और तुरंत सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अपने वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
सर्वमंगला चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना थी या आत्महत्या का प्रयास। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।