कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग स्थित साडा अड्डा कैफे समेत चार दुकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड युवक और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। मामला मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
एक ही रात में चार दुकानों को बनाया निशाना
24-25 फरवरी की दरमियानी रात आरोपियों ने कैफे सहित अन्य दुकानों के ताले तोड़कर नकदी पार कर दी थी। 25 फरवरी की सुबह सफाईकर्मी ने एक दुकान का शटर आधा खुला और ताला टूटा देखा, जिसके बाद संचालक को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और डॉग स्क्वॉयड की मदद ली।
चोरी के पैसों से की खरीदारी और गोवा ट्रिप
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की रकम से ब्रांडेड कपड़े और जूते खरीदे। इसके बाद वे घूमने के लिए गोवा चले गए, जहां मौज-मस्ती में पैसे खर्च किए। पैसे खत्म होने पर वे वापस कोरबा लौट आए। चोरी की रकम से होली के लिए इवेंट पास भी खरीदे गए थे।
पहले वाहन चोरी, फिर वारदात
गुरुवार को तीनों आरोपियों ने पीएम आवास कॉलोनी क्षेत्र से एक वाहन चोरी किया। उसी वाहन का इस्तेमाल कर बुधवारी बाईपास स्थित साडा अड्डा कैफे के अलावा टीपी नगर क्षेत्र में एक बैटरी दुकान और अन्य दुकान को निशाना बनाया।
पुलिस ने मुड़ापार पीएम आवास कॉलोनी निवासी राजू दास को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, राजू दास ही वारदात का मास्टरमाइंड था और उसने नाबालिगों के साथ मिलकर योजना बनाई थी।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भीमसेन यादव ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। नाबालिग आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।