होली को लेकर प्रशासन अलर्ट: शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों को नहीं बख्शेगी कोरबा पुलिस, होगी कड़ी कार्यवाही….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी समुदायों से होली, ईद और गुड फ्राइडे जैसे आगामी पर्वों को आपसी मेल-मिलाप, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।

जिला प्रशासन ने त्योहारों के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैठक में त्योहारों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश जारी किए गए।

होली को लेकर विशेष निर्देश

रासायनिक रंगों और आपत्तिजनक मुखौटों की बिक्री व उपयोग पर रोक लगाने का आग्रह। लोगों को हर्बल रंगों के उपयोग के लिए प्रेरित करने की अपील। किसी भी व्यक्ति पर जबरन रंग न लगाने का अनुरोध, ताकि सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे। शांति समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि होली भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाई जाएगी।

इलेक्ट्रिक तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास और संकरी गलियों में होलिका दहन नहीं किया जाएगा। ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जहां आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहन आसानी से पहुंच सके।

यातायात और सुरक्षा व्यवस्था

होली के दिन मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे दुकानें न लगाने का अनुरोध, ताकि जाम की स्थिति न बने। पुलिस विभाग को लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश। भीड़भाड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। दमकल और एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश।

तालाब–नदी में सावधानी

नशे की हालत में गहरे पानी में न उतरने की सलाह। प्रमुख स्नान स्थलों पर गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान शराब पीकर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, मुखौटा पहनकर उत्पात मचाने, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी त्योहार शांति, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाए जाएं।

Share This Article