कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: होली पर्व के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष चेकिंग और कसावट कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में 2 मार्च 2026 को यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान गुंडागर्दी और अड्डेबाजी करने वाले 22 लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। धारा 126 और 135 बीएनएसएस के तहत 120 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखने और बेचने के आरोप में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 46 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
विशेष चेकिंग के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 121 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती गई।
अभियान के दौरान 17 गिरफ्तारी वारंट और 13 स्थायी वारंट सहित कुल 30 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
