कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में स्थानीय व्यापारी घायल हो गए। हादसा भारतमाला सड़क पर गुमिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार में जा रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा के सीतामणी मुख्य मार्ग निवासी व्यापारी गौरव अग्रवाल अपनी सफेद रंग की बोलेरो नियो (CG 12 BJ 8333) से बिलासपुर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भारतमाला मुख्य मार्ग पर गुमिया के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए घायल गौरव अग्रवाल को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घटना की सूचना मिलते ही हरदीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।
हरदीबाजार थाने में पदस्थ एएसआई कृपा शंकर दुबे के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संभवतः चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
घायल व्यापारी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
