शिवरीनारायण: जिले के तुस्मा–केरा रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम धरदेई निवासी संजय कुमार साहू (27 वर्ष) 8 मार्च को अपने ससुराल ग्राम दुरपा गया हुआ था। रात करीब 8 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौटने के लिए निकला था। इसी दौरान तुस्मा–केरा मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उन्हें दुर्घटना का अंदेशा हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि संजय साहू हीरो होंडा मोटरसाइकिल (CG-11 AZ 3559) से घर लौट रहे थे। दुर्घटना में उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
