चरित्र संदेह पर पत्नी की बेरहमी से हत्याः पति ने डंडे से पीटा, फिर दीवार में सिर पटककर ले ली जान

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की बहिंगा (लकड़ी का लंबा डंडा) से बेरहमी से पिटाई कर दी और बाद में उसका सिर दीवार में पटक दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के अभाव में देर रात मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार घटना पसान थाना क्षेत्र के ग्राम साजाकछार सारिसमार की है। यहाँ रहने वाले राजूलाल कुजुर (37 वर्ष) ने सोमवार को घर में मुर्गा-भात बनाने का कार्यक्रम रखा था। उसने अपने भतीजे नन्नु कुजुर को भी खाने के लिए बुलाया था। रात करीब 9 बजे तक घर में खाना-पीना चलता रहा, जिसके बाद भतीजा अपने घर चला गया।

पत्नी पर किया ताबड़तोड़ हमला

भतीजे के जाने के बाद राजूलाल और उसकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच चरित्र संदेह को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर राजूलाल ने घर में रखे बहिंगा से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने उर्मिला का सिर दीवार में पटक दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय सो गया। गंभीर रूप से घायल उर्मिला बाई ने इलाज के अभाव में रात करीब 3 बजे दम तोड़ दिया।

मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भतीजा नन्नु कुजुर सीधे थाना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची।

मौके पर निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतिका के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले। दीवार पर भी खून के निशान पाए गए। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बहिंगा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Share This Article