कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के दर्री बराज में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव करीब 53 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। लगातार दो दिन तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम को घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर जलकुंभी में फंसा शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार दर्री थाना क्षेत्र के जय भगवान गली निवासी नौशाद अली अंसारी (22 वर्ष) सीएसईबी की एक ठेका कंपनी में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ दर्री बराज के कलमीडुग्गु बस्ती के पास चरोंज में नहाने गया था। इसी दौरान उसने बराज में छलांग लगा दी। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया।
शुरुआत में दोस्तों को लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति गंभीर हो गई। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, परंतु वे सफल नहीं हो सके और उनकी आंखों के सामने ही नौशाद गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना के गोताखोरों को बुलाया गया। डीडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन पहले दिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद दूसरे दिन बिलासपुर से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने भी अभियान में हिस्सा लिया।

लगातार खोजबीन के बाद भी शव नहीं मिलने पर आशंका जताई जा रही थी कि वह जलकुंभी में फंस गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए संयुक्त टीम ने जलकुंभी हटाने का अभियान शुरू किया। मंगलवार देर शाम लगभग 300 मीटर दूर जालीनुमा हिस्से में जलकुंभी के बीच फंसा युवक का शव मिला, जिसे बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवा दिया है। आज परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले पत्नी, अब बेटे की मौत से टूटा पिता
बताया जा रहा है कि मृतक नौशाद के पिता कलामुद्दीन अंसारी की पत्नी का करीब छह महीने पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद पिता गहरे सदमे में थे और ऐसे समय में इकलौते बेटे नौशाद ही उनका सहारा बना हुआ था। लेकिन अब बेटे की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है। पिता के बुढ़ापे का सहारा छिन जाने से घर में मातम पसरा हुआ है।