किसान के खेत से चालू ट्रांसफार्मर के कीमती पुर्जे चोरी, जांच में जुटी पुलिस

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के बरपाली गांव में बीती रात चोरों ने एक किसान के खेत में लगे चालू बिजली ट्रांसफार्मर से कीमती पुर्जे चोरी कर लिए। घटना उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांपा मुख्य मार्ग स्थित इलाके की है।

जानकारी के मुताबिक किसान शिवांश खत्री के खेत में बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। देर रात अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके अंदर के महत्वपूर्ण पुर्जे निकाल लिए। सुबह जब किसान खेत पहुंचा तो ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ और चोरी का पता चला।

इस घटना के बाद खेत में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है, जिससे खेती के कामकाज में बाधा आ रही है। किसान ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से आरोपियों को जल्द पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।

मामले की सूचना उरगा पुलिस थाना को दे दी गई है। साथ ही बिजली विभाग को भी जानकारी दी गई है ताकि ट्रांसफार्मर का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article