कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष को लेकर गैस, पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी संबंधी अफवाहों के बीच जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गैस और पेट्रोल की कमी को लेकर भ्रामक खबरें फैल रही हैं। उन्होंने नागरिकों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त भंडारण मौजूद है।
बैठक में गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुसार फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व आधार पर की जाए। साथ ही सभी घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही की जाएगी। बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा उपभोक्ताओं को 25 दिनों से पहले दूसरा सिलेंडर जारी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर गैस बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। सभी एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों की जांच की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी. एस. कंवर सहित Indian Oil Corporation, Hindustan Petroleum और Bharat Gas के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस, पेट्रोल या डीजल की कमी से जुड़ी अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही करें। साथ ही अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का भंडारण न करने की भी अपील की गई है।