छत्तीसगढ़ अफीम खेती केस: बीज सप्लाई करने वाला चौथा आरोपी जोधपुर से गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

छत्तीसगढ़ अफीम खेती केस: बीज सप्लाई करने वाला चौथा आरोपी जोधपुर से गिरफ्तार

दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलगांव थाना क्षेत्र में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर उगाई जा रही अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने इस मामले में चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में छापेमारी कर अफीम की फसल जब्त की थी। जब्त किए गए अफीम के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मक्का के खेत के बीच छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मक्का और भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए थे, ताकि बाहर से देखने पर किसी को संदेह न हो। पुलिस टीम ने खेत का निरीक्षण कर करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में फैली अफीम की खेती को जब्त किया।

जोधपुर से पकड़ा गया बीज सप्लायर

इस मामले में पहले ही विकास बिश्नोई (जोधपुर), विनायक ताम्रकार (तेमरापारा, दुर्ग) और मनीष उर्फ गोलू ठाकुर (समोदा) को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में पता चला कि अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने में छोटू राम (62), निवासी जोधपुर, राजस्थान की अहम भूमिका थी। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

खेती के लिए ट्रैक्टर, जेसीबी और हार्वेस्टर का इस्तेमाल

पुलिस ने आरोपियों से खेती में इस्तेमाल किए जा रहे 2 ट्रैक्टर, 2 जेसीबी, 2 मोटरसाइकिल और 1 हार्वेस्टर भी जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी छोटू राम के पास से 2220 रुपये नकद और एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Share This Article