सजग कोरबा अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई: 10 लोग अवैध शराब बिक्री में पकड़े गए, रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने रात में सघन पेट्रोलिंग कर कई जगहों पर कार्रवाई की। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना व चौकी स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने इमली डुग्गू, सीतामढ़ी, संजय नगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हाल के अपराधों को देखते हुए बाइक से रात में गश्त की।

यातायात नियम तोड़ने पर कार्रवाई

पेट्रोलिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत दो लोगों पर कार्रवाई की गई। इनमें लक्ष्मी नारायण (42) निवासी इमली डुग्गू और गौतम दास (19) निवासी संजय नगर शामिल हैं।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर कार्रवाई

सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर पुलिस एक्ट की धारा 36(च) के तहत दो लोगों—रामेश्वर साहू (इमली डुग्गू) और भूपेंद्र पटेल (सीतामढ़ी)—के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अवैध शराब बिक्री करने वाले 10 लोगों पर केस

कोतवाली पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत अवैध रूप से शराब बेचने वाले 10 व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इनमें विजय कुमार, हिदायत खान, रमेश देवांगन, अशोक यादव, मुनाराम साहू, मुरारी मेनचे, गंगू राम, रामू राम, विष्णु कुमार और जितेंद्र यादव शामिल हैं। सभी इमलीडुग्गू क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

3 लोगों पर निगरानी, एक के खिलाफ जिला बदर

अवैध शराब बिक्री में संलिप्त तीन व्यक्तियों के खिलाफ निगरानी खोलने की प्रक्रिया भी की जा रही है। वहीं नशे का कारोबार करने वाले संजय पावले के खिलाफ पहले ही जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।

रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग

नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में बिना कारण घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article