पवन जनरल स्टोर्स में छापा, 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, लगातार कार्रवाई से जमाखोरों में मचा हड़कंप

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 बालकों रोड चेक पोस्ट स्थित पवन जनरल स्टोर्स में छापामार कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान दुकान और उससे जुड़े गोदामों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और व्यावसायिक उपयोग किए जाने के प्रमाण मिले। जांच में कुल 15 घरेलू एलपीजी सिलेंडर पाए गए, जिन्हें टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया।

जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर ने बताया कि यहां एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडरों में गैस रिफिल कर अधिक कीमत पर ब्लैक में बेचने की जानकारी भी सामने आई है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा है कि घरेलू उपयोग के लिए जारी एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में जिले में जीरो टॉलरेंस के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी घरेलू सिलेंडरों के अवैध उपयोग या भंडारण की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

Share This Article