कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मड़वारानी के पास कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एक बाइक पर तीन लोग चांपा से कोरबा की ओर आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक कोरबा से चांपा की ओर जा रहा था। इसी दौरान मड़वारानी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बाइक चालक गलत दिशा में आ रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में जांजगीर-चांपा जिले के कमरीद सरगांव निवासी 18 वर्षीय निखलेश कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन देर रात कोरबा पहुंचे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य लोग भी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर कई जगहों पर ग्रामीण सीधे नेशनल हाईवे को पार करते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मामले में जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेमो के आधार पर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।