कोरबा में निगम की सख्त कार्रवाई, संपत्तिकर बकाया पर तीन बकायेदारों की संपत्ति सील

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   नगर पालिक निगम कोरबा ने संपत्तिकर और अन्य करों की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर शुक्रवार को निगम की टीम ने कोरबा जोन में तीन बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर दिया।

निगम प्रशासन के अनुसार कई करदाता ऐसे हैं जो बार-बार नोटिस और वारंट जारी होने के बावजूद संपत्तिकर, समेकित कर और जलकर की बकाया राशि जमा नहीं कर रहे हैं। इससे निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है और शहर के विकास कार्यों व नागरिक सुविधाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए अब निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के तहत वार्ड क्रमांक 6 निवासी जरहा साव पर 1 लाख 86 हजार 700 रुपये, वार्ड क्रमांक 6 सिंधी गुरुद्वारा के पास स्थित एक सीमेंट दुकान संचालक पर 1 लाख 46 हजार 679 रुपये और पुरानी बस्ती निवासी सहोदरा बाई पर 99 हजार 535 रुपये संपत्तिकर बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद राशि जमा नहीं करने पर निगम की टीम ने उनकी संपत्तियों को सील कर दिया और तत्काल बकाया कर जमा करने के निर्देश दिए।

निगम ने चेतावनी दी है कि यदि बकायेदार जल्द कर राशि जमा नहीं करते हैं तो संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता भूषण उरांव, उप जोन प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल, अविनाश जायसवाल, विनोद गोंड, ओमप्रकाश श्रीवास, परमानंद राठौर, उत्तम राठौर और राजेश साहू सहित निगम के राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के सभी करदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे निगम को देय करों की बकाया राशि समय पर जमा करें। समय पर कर भुगतान से नगर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बकाया कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article