कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद नया मोड़ सामने आया है। सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में युवक ने पुलिस की प्रताड़ना और गाली-गलौज से परेशान होकर फांसी लगाने की बात कही थी। हालांकि जांच में पता चला कि उसे धमकाने वाला कोई पुलिसकर्मी नहीं बल्कि युवती का भाई था, जिसने पुलिस बनकर फोन किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक सनत कश्यप अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव निवासी सनत कश्यप (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी के पास स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में काम करता था। कंपनी की ओर से उसे रहने के लिए कमरा दिया गया था, जहां वह अपने रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के साथ रहता था।
जानकारी के मुताबिक धीरेंद्र पाटले शुक्रवार को गेवरा की रहने वाली एक युवती के साथ चला गया था। युवती के घर नहीं लौटने पर उसके परिजनों ने पंतोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस युवती और धीरेंद्र दोनों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान युवती के भाई सचिन खरे ने धीरेंद्र के दोस्त सनत कश्यप को फोन किया। उसने अपने भाई के मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया और सनत को गाली-गलौज करते हुए थाने आने के लिए कहा।
फोन के बाद सनत काफी घबरा गया और तनाव में आ गया। उसने फांसी लगाने से पहले एक वीडियो बनाकर कहा कि उसे घरवालों से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन पंतोरा थाने की पुलिस के फोन से वह डर गया है। वीडियो बनाने के बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जांजगीर-चाम्पा जिले के एसपी विजय कुमार पांडे ने सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को काफी गंभीरता से लिया और उन्होंने स्वयं अपने नेतृत्व में इस पूरे मामले की जब जांच पड़ताल कराई।
सोशल मीडिया में वायरल हुए सुसाइड से पहले के वीडियो को जांजगीर-चांपा जिले के एसपी विजय कुमार पांडे (IPS) ने गंभीरता से लिया और पूरे मामले की जांच अपने नेतृत्व में कराई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पुलिसकर्मी बनकर फोन करने और युवक को धमकाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद बलौदा थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (छद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने भाई के मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया था और युवक को थाने आने के लिए धमकाया था। इसी वजह से युवक तनाव में आ गया था।
इधर आरोपी की बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज है और पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।