कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना और चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो चोरी के मामलों का खुलासा किया।
पहले मामले में प्रार्थी अमित दिवाकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 मार्च को वह परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। अगले दिन घर लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सोने-चांदी के जेवर, चांदी की पायल, वीवो मोबाइल और करीब 5 हजार रुपये चोरी हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 196/26 दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
दूसरे मामले में नंद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मार्च को वह भी परिवार के साथ शादी कार्यक्रम में गए थे। वापस आने पर घर का ताला टूटा मिला और चांदी की पायल, बच्चों के चांदी के गहने और करीब 11 हजार रुपये चोरी हो गए थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 209/26 दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सुमित्रा रात्रे (28 वर्ष), निवासी बेन्द्रकोना, थाना सिविल लाइन रामपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दोनों चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
वहीं मानिकपुर चौकी क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आकाश मरावी (19 वर्ष), रोहित शर्मा (19 वर्ष) और निखिल वर्मन (21 वर्ष) शामिल हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 233/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी बरामद कर ली है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।