कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी समारोह में कथित छेड़छाड़ से आहत होकर 15 वर्षीय नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 8 तारीख को कोरबी चौकी क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान दूल्हे का दोस्त 19 वर्षीय नरेंद्र उइके, जो सूरजपुर जिले से शादी में शामिल होने आया था, ने समारोह में मौजूद 15 वर्षीय नाबालिग के साथ देर रात छेड़छाड़ की।
बताया जा रहा है कि नाबालिग की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता की नींद खुल गई और वे मौके पर पहुंचे। पिता ने आरोपी युवक को पकड़ लिया, लेकिन शादी का माहौल खराब न हो, यह सोचकर वे बेटी को अपने साथ वापस ले आए।
घटना से मानसिक रूप से आहत नाबालिग ने उसी दिन तड़के सुबह गांव के पास एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव में शोक की लहर फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नरेंद्र उइके को गिरफ्तार कर लिया।
कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।