कोरबा में मीडियाकर्मी की संदिग्ध मौत, सीएसईबी कॉलोनी के क्वार्टर में मिला शव

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी स्थित एक आवास से 26 वर्षीय मीडियाकर्मी इमानुएल तांडी का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि इमानुएल के क्वार्टर में काफी समय से कोई हलचल नहीं हो रही है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के भीतर से युवक का शव बरामद किया।

बताया गया कि मृतक के पिता सीएसईबी में कार्यरत थे और रिटायरमेंट के बाद दूसरे मकान में रहने लगे थे। इमानुएल तांडी कभी-कभी इस क्वार्टर में आकर रुकता था। परिजनों को लगा कि वह क्वार्टर में सो रहा होगा।

जब कई बार फोन करने पर भी इमानुएल ने कॉल रिसीव नहीं किया, तो परिजन क्वार्टर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला गया, जहां इमानुएल मृत अवस्था में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही इमानुएल के माता-पिता और बहन भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इमानुएल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

इमानुएल तांडी लंबे समय से स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कैमरामैन के रूप में कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी और जांच में उसे शुगर (मधुमेह) की बीमारी होने की पुष्टि हुई थी।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article