“ऑपरेशन शांति” के तहत कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 85 वारंटियों को किया गया गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत “ऑपरेशन शांति” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए कुल 85 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 52 गिरफ्तारी वारंटी और 33 स्थायी वारंटी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और कटघोरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।

15 मार्च 2026 को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी 85 वारंटियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 के लोगों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगड़ने की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोमू तिवारी और छोटका प्रजापति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति और कानून के दायरे में रहकर मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध काम की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article