कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित तीन अवैध कबाड़ यार्डों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कोतवाली के राताखार क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू के अवैध रूप से बनाए गए यार्ड को गिरा दिया। यह यार्ड बिना किसी अनुमति के संचालित किया जा रहा था और यहां बड़ी मात्रा में कबाड़ का संग्रह किया जाता था।
इसी तरह रामनगर इलाके में तनवीर कबाड़ी के ठिकाने पर भी कार्रवाई की गई। यहां अवैध कब्जे में बनाए गए ढांचे को बुलडोजर से हटाया गया। इसके अलावा कोरकोमा क्षेत्र में संचालित एक अन्य अवैध कबाड़ ठिकाने पर भी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के डिप्टी कलेक्टर नीरज कौशिक ने बताया कि शहर में बिना अनुमति संचालित कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्रों में कार्रवाई से पहले संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए थे।
वहीं कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नगर निगम की ओर से पुलिस बल की मांग की गई थी। इसके बाद करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया, जिन्होंने निगम की टीम के साथ मिलकर कार्रवाई को सफल बनाया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर में कई अवैध कबाड़ ठिकानों को सील किया जा चुका है। इसी अभियान के दौरान रशियन हॉस्टल के पास लोहे का पुल काटकर चोरी करने के मामले में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से प्रशासन ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ सख्ती और बढ़ा दी है।
