कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आत्महत्या के मामलों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इन घटनाओं में एक SECL कर्मचारी, एक अज्ञात युवक और एक 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत शामिल है। पुलिस सभी मामलों में अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
SECL कर्मचारी ने क्वार्टर में लगाई फांसी
पहली घटना मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। South Eastern Coalfields Limited (SECL) के सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत एक कर्मचारी ने जेपी कॉलोनी स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार मृतक लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसकी पत्नी भी अस्वस्थ बताई जा रही है और दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को इस कदम की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

सर्वमंगला रेलवे ब्रिज पर युवक की लाश मिलने से हड़कंप
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आई। सर्वमंगला रेलवे ब्रिज पर करीब 25 फीट ऊंचाई पर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह हसदेव नदी किनारे पहुंचे लोगों ने सबसे पहले शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर कोतवाली पुलिस के साथ रेलवे पुलिस भी पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने कथित तौर पर दुपट्टे से फांसी लगाई। घटनास्थल से एक रुमाल सहित कुछ अन्य सामान भी बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को देर रात एक युवती के साथ देखा गया था। ऐसे में पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी जांच कर रही है।

जमनीपाली में 35 वर्षीय युवक ने दी जान
तीसरी घटना दर्री थाना क्षेत्र के जमनीपाली इलाके की है, जहां 35 वर्षीय राकेश साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही अपने गांव से लौटा था। घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।
तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अलग-अलग एंगल से जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।
