थार खरीदने के लिए नाबालिगों ने रची साजिश: दोस्त के घर से कराया 15 तोला सोने की चोरी, 5 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाबालिग युवकों ने महंगी थार गाड़ी खरीदने के लिए अपने ही दोस्त को चोरी के लिए उकसाया। पुलिस ने इस मामले में 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला खरीदार भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार सभी आरोपी दोस्त थे और मिलकर थार गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सेना से रिटायर्ड जवान सुशील कुमार शर्मा के बेटे को निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले उसे नकली सोना दिखाकर भरोसा दिलाया और फिर घर से असली सोना लाने के लिए उकसाया।
धीरे-धीरे नाबालिग ने अपने ही घर से करीब 15 तोला सोना चोरी कर आरोपियों को दे दिया। बाद में जब उसने सोना लाना बंद किया, तो उसे मारपीट की धमकी देकर ब्लैकमेल भी किया जाने लगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी किया गया सोना जनवरी से मार्च के बीच अलग-अलग लोगों को बेच दिया गया था। हालांकि, सोना बेचने के बाद भी थार खरीदने के लिए पर्याप्त रकम नहीं जुट पाई, जिसके बाद आरोपियों ने पैसे खर्च कर दिए।
महिला खरीदार ने सस्ते में खरीदा सोना
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि खुशबू अग्रवाल नाम की महिला ने नाबालिगों से 5 तोला से ज्यादा सोना बेहद कम कीमत में खरीदा। कुछ सोना गिरवी रखकर भी पैसे जुटाए गए थे।
शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया और चोरी गए सोने के शत-प्रतिशत जेवर बरामद कर लिए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
