कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने 3 दोस्तों को कुचला, मौके पर ही मौत, ट्रक के नीचे दबे शव

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने 3 दोस्तों को कुचला, मौके पर ही मौत, ट्रक के नीचे दबे शव

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पाली थाना क्षेत्र के नूनेरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया और अनियंत्रित होकर पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23 वर्ष), मंगल सिंह (25 वर्ष) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है। तीनों पोटापानी गांव के निवासी थे और दीपका स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे। वे सुबह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी, जिसके बाद काफी मशक्कत से शव बाहर निकाले गए।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह करीब 10 बजे चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर कोयला बिखरने से हालात और बिगड़ गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को 1.25-1.25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article