कोरबा/बिलासपुर: ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल से जुड़ा मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बिलासपुर शाखा में पांचवी और छठवीं के विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने के निर्देश के बाद शुरू हुई जांच अब कोरबा शाखा तक पहुंच गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर मान्यता से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल बिलासपुर स्थित स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों ने शिकायत की थी कि बच्चों का दाखिला सीबीएसई पाठ्यक्रम के नाम पर लिया गया और उसी आधार पर परीक्षा भी आयोजित की गई। लेकिन बाद में अचानक छत्तीसगढ़ बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार दोबारा परीक्षा देने का निर्देश दे दिया गया। अभिभावकों का कहना है कि यह बच्चों के साथ अन्याय है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जांच का दायरा बढ़ाते हुए कोरबा शाखा को भी शामिल कर लिया गया।
इस खबर के सामने आने के बाद कोरबा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि कोरबा स्थित यह स्कूल अपने शुरुआती समय से ही विभिन्न विवादों में घिरा रहा है।
फिलहाल, शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल की मान्यता और प्रक्रियाओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
