‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: मानिकपुर पुलिस ने नशा और अपराध के खिलाफ लोगो को किया जागरूक

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत मानिकपुर पुलिस ने उरांव बस्ती में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान पुलिस टीम ने बस्तीवासियों को नशे और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

चौपाल में पुलिस ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। समझाइश का असर यह रहा कि बस्तीवासियों ने नशा सेवन और अवैध गतिविधियों से दूर रहने का संकल्प लिया।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कानून व्यवस्था और बेहतर हो सके।

इसी कड़ी में मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ उरांव पारा पहुंचे। यहां उन्होंने चौपाल लगाकर लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय, यातायात नियमों का पालन करने और अपराध से दूर रहने की सलाह दी।

पुलिस ने विशेष रूप से नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए इससे दूर रहना ही सबसे बेहतर विकल्प है।

यह अभियान जिले में शांति, सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Share This Article