कोरबा जिला जेल में चैत्र नवरात्रि: बंदियों के लिए विशेष पूजा-अर्चना और उपवास की व्यवस्था

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  चैत्र नवरात्रि के अवसर पर कोरबा जिला जेल और कटघोरा उपजेल में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। नवरात्र के पहले दिन से ही मां आदिशक्ति दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया है, जो पूरे नौ दिनों तक जारी रहेगा। जेल परिसर में महिला और पुरुष बंदी श्रद्धा भाव से इस पूजा में शामिल हो रहे हैं।

जेल प्रशासन ने उपवास रखने वाले बंदियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। निर्धारित मेनू के तहत फलाहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें दूध, फल, साबूदाना और आलू से बने व्यंजन शामिल हैं। उपवासियों को यह भोजन तय समय पर दिया जा रहा है।

जिला जेल में लगभग 200 महिला एवं पुरुष बंदी हैं। इनमें से दो महिला और चार पुरुष बंदियों ने नवरात्र उपवास रखने का प्रस्ताव दिया था। प्रशासन ने उनकी मेडिकल जांच के बाद उपवास की अनुमति दी। जिला जेल प्रभारी अमितेश साहू ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के अनुरूप उपवास और पूजा-अर्चना की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर दी गई हैं।

इसी तरह कटघोरा उपजेल में भी नवरात्र के अवसर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां भी उपवासियों के लिए फलाहार और पूजा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नवरात्र के इन नौ दिनों के दौरान जेलों में आस्था और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिल रहा है।

Share This Article