नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्यवाही: 5 निजी अस्पतालों का लाइसेंस रद्द, 48 को नोटिस जारी….
दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी अभिजीत के निर्देश पर जिले के सभी निजी अस्पतालों का निरीक्षण कराया गया, जिसमें कई अस्पतालों में नियमों की अनदेखी सामने आई। इसके बाद 48 अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया और 5 अस्पतालों का लाइसेंस रद्द कर दिया गया।
जांच के लिए 4 टीम बनाई गई थी, जिसमें नगर निगम, आयुष विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल थे। इन टीमों को नर्सिंग होम एक्ट और आयुष्मान योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों का निरीक्षण कर एक महीने के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था। जिले के कुल 124 निजी अस्पतालों की जांच की गई, जिसमें 48 अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं और नियमों में कमी पाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद अस्पतालों से जवाब लिया गया और दोबारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि 5 अस्पतालों ने आवश्यक सुधार नहीं किए थे।
इन अस्पतालों में शामिल हैं– दाउजी मेमोरियल हॉस्पिटल (जामगांव आर, पाटन), प्राची हॉस्पिटल (पुलगांव), जीवन ज्योति हॉस्पिटल (वार्ड 5, जामुल भिलाई), आईएमआई हॉस्पिटल (न्यू खुर्सीपार भिलाई), आशीर्वाद नर्सिंग होम (जीई रोड, भिलाई)
प्रशासन ने इन सभी का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई मरीजों की सुरक्षा और अस्पतालों में साफ-सफाई, आवश्यक मशीनों, स्टाफ और इलाज की सही व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
बचे हुए अस्पतालों पर भी निगरानी जारी रहेगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कहीं भी लापरवाही पाई गई तो भविष्य में भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
