कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: हिंदू नव वर्ष के अवसर पर कोरबा शहर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विविधता और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न संगठनों द्वारा भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
हिंदू क्रांति सेना द्वारा निकाली गई शोभायात्रा सीतामढ़ी से शुरू होकर टीपी नगर चौक तक पहुंची। वहीं बजरंग दल ने कोसाबाड़ी से टीपी नगर तक अपनी अलग शोभायात्रा निकाली। दोनों यात्राओं में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना रहा।

शोभायात्राओं के दौरान डीजे की धुनों पर युवा झूमते नजर आए, वहीं लेजर लाइट और आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। लगभग 2 किलोमीटर लंबी रैली सीतामणी से बस स्टैंड तक निकाली गई, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए डीजे साउंड सिस्टम का प्रदर्शन भी शामिल था।
इस आयोजन की खास बात रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां। बाहरी कलाकारों ने साउथ इंडियन, मलयालम, छत्तीसगढ़ी और केरल की पारंपरिक झलक पेश की। बच्चों और युवाओं के बीच मिकी माउस थीम और शिव भक्तों की बारात विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसने शोभायात्रा को और भी जीवंत बना दिया।

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिंदू संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई थी, वहीं वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
