कोरबा में हिंदू नववर्ष पर युवकों का खतरनाक स्टंट, चलती गाड़ियों पर लटके युवक, हुड़दंग का वीडियो वायरल…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा में हिंदू नववर्ष के मौके पर कुछ युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी सामने आई है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कार और बाइक सवार युवकों ने सड़कों पर हुड़दंग मचाते हुए जान जोखिम में डालने वाले करतब किए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।

कारों से खतरनाक स्टंट, खिड़कियों पर बैठे युवक

घंटाघर मैदान में बड़ी संख्या में युवक कार और बाइक लेकर पहुंचे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो, थार और बोलेरो जैसी गाड़ियों से स्टंट किए गए। कई युवक चलती कारों की खिड़कियों पर बैठे और बाहर लटकते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में चल रही गाड़ियों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।

बाइकर्स ने निकाले साइलेंसर, तेज आवाज में दौड़ाई गाड़ियां

कार सवारों के साथ-साथ बाइकर्स ने भी सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। कई युवकों ने बाइक के साइलेंसर निकालकर तेज आवाज के साथ रफ्तार दिखाई। कोसाबाड़ी से टीपी नगर तक रैली के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए।

पुलिस एक्शन मोड में, दो दर्जन से ज्यादा वाहन जब्त

मामले के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने दो दर्जन से अधिक वाहनों को जब्त किया है। साथ ही, रैली में शामिल युवकों से बड़ी संख्या में लोहे के चूड़े भी जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान कुछ युवकों के पास से चाकू भी बरामद हुए हैं। दो लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वीडियो के आधार पर पहचान जारी

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर वाहनों के नंबर से युवकों की पहचान की जा रही है। जिन लोगों की पहचान हो रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Share This Article