कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज और राजस्व विभाग की टीमों ने पूरे जिले में एक साथ छापेमारी की।
इस अभियान में कुल 34 वाहनों को पकड़ा गया, जिनमें ट्रैक्टर, हाइवा और जेसीबी मशीन शामिल हैं। कई जगहों पर अवैध रेत, मिट्टी, मुरूम और कोयले का खनन व परिवहन करते हुए वाहन मिले।
कटघोरा, पाली, कोरबा, पोड़ी-उपरोड़ा और भैसमा जैसे क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई। सभी जब्त वाहनों पर खान और खनिज अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि 1 मार्च से 19 मार्च तक भी कई मामले दर्ज किए गए हैं और लाखों रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
