कोरबा: दुल्हन को लेकर लौट रही गाड़ी हुई हादसे का शिकार, बच्ची की मौत, कई लोग घायल

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गवन (नई दुल्हन) लेकर लौट रही एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए।

यह हादसा दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास हुआ। वाहन (CG 11 BJ 9084) ग्राम कसरेंगा से दादर खुर्द की ओर जा रहा था। गाड़ी में करीब 11 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल थे।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल एसईसीएल अस्पताल, बांकी मोंगरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक वाहन सोनपुरी गांव का था, जिसे किराए पर लिया गया था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है।

दर्री सीएसपी ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Share This Article