कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बिना लाइसेंस संचालित डिस्ट्रीब्यूटर यूनिट को सील कर दिया। विभाग की टीम ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों और पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल भी एकत्र किए।
जांच के दौरान डिगापुर वार्ड नंबर 36 स्थित पीयूष डिस्ट्रीब्यूटर की फैक्ट्री में अनियमितता पाई गई। यहां वैध लाइसेंस नहीं होने के कारण टीम ने नियमानुसार यूनिट को सील कर दिया। मौके से पेप्सी, स्लाइस फ्रूट जूस और ट्रॉपिकाना अमरूद जूस के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दादर क्षेत्र स्थित सुनीता बेवरेजेस और रजगामार रोड की ममता इंडस्ट्रीज का भी निरीक्षण किया। दोनों पानी फैक्ट्रियों के लाइसेंस वैध पाए गए, लेकिन एहतियात के तौर पर तैयार पैकेज्ड पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता और पैकेजिंग मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि बिना लाइसेंस संचालित यूनिट के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य इकाइयों से लिए गए नमूनों की जांच प्रक्रिया जारी है।
