कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के गेवरा खदान क्षेत्र में बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना दीपका थाना क्षेत्र के ई एंड एम क्वारी सेक्शन स्थित कैंटीन के पास हुई, जहां स्टॉप बस को साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पीड़ित बस चालक बहोरन सिंह (53 वर्ष) ने बताया कि डंपर ऑपरेटरों ने उनके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि वह दोबारा सामने आया तो उसे वाहन से कुचल देंगे और इसे हादसा बना देंगे।
घटना के बाद खदान प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बहोरन सिंह पर शराब पीने का आरोप लगाया गया, लेकिन कंपनी द्वारा अल्कोहोल मीटर से जांच करने पर रिपोर्ट शून्य आई। पीड़ित ने साफ कहा कि वह शराब का सेवन नहीं करता और उस पर झूठा आरोप लगाया गया। मारपीट में बहोरन सिंह के सीने में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल NCH अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित की शिकायत पर दीपका पुलिस ने आरोपी डंपर ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना के सहायक उपनिरीक्षक जितेश सिंह के अनुसार अस्पताल से मिले मेमोरेंडम के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
इंटक संगठन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि खदान क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिन पर नियंत्रण जरूरी है।
