कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा वन मंडल के करतला रेंज में घूम रहा दंतैल हाथी अब कोटमेर के जंगल तक पहुंच गया है। वन विभाग ने आसपास के 10 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार पसरखेत रेंज के केराकछार क्षेत्र में अभी भी 9 हाथियों का दल सक्रिय है। वहीं सक्ती रेंज से भटककर आए दंतैल हाथी ने हाल ही में सुईयारा गांव के एक ग्रामीण पर हमला कर दिया था। घायल ग्रामीण महुआ बीनने जंगल गया हुआ था।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे फिलहाल जंगल की ओर न जाएं। अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों का दल लगातार स्थान बदल रहा है, जिससे निगरानी चुनौतीपूर्ण हो गई है। स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि हाथी शाम के समय भोजन की तलाश में बाहर निकलते हैं और अक्सर सड़कों के किनारे भी देखे जा रहे हैं। दंतैल हाथी की दहशत के चलते ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हुआ है और लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, समूह में रहने और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
