कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 से 6 वर्ष के आंगनबाड़ी बच्चों के लिए “बाल मैत्री कार्यक्रम” शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी के माहौल से प्राथमिक स्कूल के वातावरण में आसानी से ढालना है, ताकि उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ सके।
कार्यक्रम की शुरुआत 20 मार्च से की गई है। इसके तहत ऐसे बच्चों को शामिल किया गया है जो जल्द ही प्राथमिक शाला में प्रवेश लेने वाले हैं। योजना के अनुसार हर महीने एक दिन “मासिक शाला भ्रमण” कराया जाएगा, जिसमें बच्चों को नजदीकी स्कूल ले जाकर वहां की कक्षाओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों से परिचित कराया जाएगा।
इस दौरान बच्चों के लिए खेल, समूह गतिविधियां, बालगीत, कहानी और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कक्षा-1 के बच्चों के साथ मिलकर उन्हें सीखने का अनुभव दिया जाएगा, जिससे वे स्कूल के माहौल को सहजता से समझ सकें।
अधिकारियों के मुताबिक, आंगनबाड़ी के खेल-आधारित वातावरण से सीधे स्कूल के अनुशासन में आने पर बच्चों को दिक्कत होती है। “बाल मैत्री कार्यक्रम” इस अंतर को कम करने की कोशिश है।
विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से बच्चों की स्कूल में उपस्थिति, सीखने की क्षमता और भागीदारी में सुधार होगा। यह कार्यक्रम प्रारंभिक शिक्षा को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
