कोरबा: नशे धूत में युवक ने गार्ड पर शराब डाली, बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई घटना

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित आनंद इमेजर सोसाइटी परिसर में सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जो देर रात करीब 2 बजे हुई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित गार्ड की पहचान जांजगीर-चांपा निवासी राम नारायण के रूप में हुई है, जो बजरंग सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत है।

जानकारी के मुताबिक, नशे में धुत एक युवक परिसर में पहुंचा और अचानक गार्ड पर हमला कर दिया। आरोपी ने गार्ड के साथ जमकर मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद उसके साथी मौके से फरार हो गए।

कंपनी के सुपरवाइजर महेश दुबे के अनुसार, उनके पास घटना का वीडियो पहुंचा है, जिसमें युवक गार्ड के साथ मारपीट करता साफ नजर आ रहा है।

घटना के बाद भयभीत राम नारायण अपने गृह जिले जांजगीर-चांपा लौट गया। उसने फोन पर बताया कि आरोपी युवक नशे में था, उसने उस पर शराब डाली और विरोध करने पर मारपीट कर फरार हो गया।

फिलहाल इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सुपरवाइजर का कहना है कि गार्ड के वापस आने के बाद शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

Share This Article