गौ तस्करी की आशंका पर बवाल: कोरबा में दो गुट भिड़े, पुलिस ने संभाला मोर्चा, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा में देर रात गौ तस्करी की आशंका को लेकर दो गुटों के बीच जमकर विवाद हो गया। घटना पुलिस लाइन मुख्य मार्ग की है, जहां स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बन गई।

जानकारी के मुताबिक गौ सेवकों को एक माजदा वाहन (सीजी 12 बीवी 4529) में मवेशी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने रिसदी चौक के पास वाहन को रोककर जांच की। वाहन में आधा दर्जन से ज्यादा भैंस और बछड़े भरे हुए मिले। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि मवेशी गोकुलनगर स्थित एक खटाल से दूसरे स्थान पर ले जाए जा रहे थे। इसी बीच खटाल संचालक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बहस बढ़कर विवाद में बदल गई। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग भी इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच के दौरान मवेशी मालिक ने संबंधित दस्तावेज पेश किए, जिससे स्पष्ट हुआ कि मवेशियों को वैध रूप से ले जाया जा रहा था। इसके बाद मामला शांत हुआ।

हालांकि इस दौरान वाहन चालक के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मवेशियों को ले जाने वाले वाहन चालक के खिलाफ भी पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article