प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया जिला जेल का निरीक्षण, बंदियों से की सीधी बातचीत, सुविधाओं का लिया जायजा

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष शर्मा एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला जेल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से मुलाकात कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं पर चर्चा की।

इस दौरान जेल में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवासीय व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही पाकशाला की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, स्नानागार एवं शौचालयों की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में पेयजल आपूर्ति हेतु पाइपलाइन व्यवस्था तथा बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों के लिए बाहरी परिसर में बनाए गए शेड का अवलोकन किया गया। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा एवं जेल लीगल एड क्लिनिक का भी निरीक्षण किया गया।

इस अवसर पर बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। ऐसे बंदी जिनके पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई, ताकि कोई भी बंदी न्याय से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयूरा गुप्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिम्पल, अतिरिक्त कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर माधुरी सोम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article