कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के रजगामार चौकी अंतर्गत करूमोहा गांव में बुधवार को सरपंच के खिलाफ प्रस्तावित अविश्वास मतदान को प्रशासन ने रद्द कर दिया। दो पंचों के लापता होने और गांव में बिगड़ते माहौल को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
जानकारी के अनुसार सरपंच कविता खांडे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान आज निर्धारित था। सुबह एक महिला पंच के लापता होने की खबर से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
वार्ड नंबर 10 के पंच नेमा पैकरा ने आरोप लगाया कि सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पहले ही पारित हो चुका था और 25 मार्च को मतदान होना था। उन्होंने दावा किया कि एक पंच के अपहरण की शिकायत पहले ही पुलिस में की गई थी, लेकिन तय समय पर पंच को पेश नहीं किया गया।
इधर, लापता पंच निर्मला बाई के परिजनों ने बताया कि वह 16 मार्च से अपने परिवार के साथ चंद्रपुर देवी दर्शन के लिए गई थीं, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटी हैं। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
भैसमा तहसीलदार के.के. लहरे ने बताया कि वे नियत समय पर मतदान कराने पहुंचे थे, लेकिन पंचों द्वारा दो सदस्यों के लापता होने और अपहरण की शिकायत का आवेदन देने के बाद स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया।
गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे की कार्रवाई सक्षम अधिकारियों के निर्देश पर की जाएगी।
