H5N1 वायरस के बढ़ते मामलों के बीच 4,700 से ज्यादा पक्षियों की मौत, 22 हजार से अधिक पक्षियों को किया गया नष्ट
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बर्ड फ्लू (Avian Influenza) के बढ़ते खतरे को देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन ने कानन-पेंडारी जू को एहतियातन एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया है। यह फैसला H5N1 वायरस के संक्रमण को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
जू परिसर में इस दौरान व्यापक स्तर पर सैनिटाइजेशन किया जाएगा और सभी वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही जू को दोबारा खोला जाएगा, जिसकी संभावना अप्रैल में जताई जा रही है।
लगातार बढ़ रहे मौत के आंकड़े
19 मार्च से शुरू हुई पक्षियों की मौतों का सिलसिला चिंताजनक बना हुआ है। अब तक 4,744 पक्षियों की मौत हो चुकी है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित
संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया है। इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड शामिल हैं, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बड़े पैमाने पर पक्षियों को किया गया नष्ट
वायरस के प्रसार को रोकने के लिए अब तक 22,808 चूजे, बतख और बटेरों को नष्ट किया जा चुका है। इसके अलावा 80 क्विंटल दाना और 25 हजार अंडों को भी डिस्पोज किया गया है।
प्रशासन और स्वास्थ्य टीमें अलर्ट पर
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जू प्रबंधन को नियमित सैनिटाइजेशन, सतत निगरानी और वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
साथ ही पशु चिकित्सा टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो लगातार जांच और रिपोर्टिंग कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संक्रमण पूरी तरह खत्म होने के बाद ही जू को दोबारा खोला जाएगा।
