कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित उरांव बस्ती के पास गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक किनारे युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा। शुरुआती तौर पर लोगों को लगा कि वह सो रहा है, क्योंकि वह आराम की मुद्रा में लेटा हुआ था और पास में पानी की बोतल भी रखी थी। लेकिन काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर जब पास जाकर देखा गया, तो युवक मृत पाया गया। उसके नाक से झाग निकलता हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक पिछले कुछ दिनों से आसपास के क्षेत्र में घूमता हुआ देखा गया था।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और संभवतः भूख या अन्य कारणों से उसकी मौत हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और युवक की पहचान व मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
