कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब सेंट पॉलिटी स्कूल के पीछे स्थित एक कॉलोनी में खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक कार कॉलोनी निवासी हेमंत राठौर के घर आए रिश्तेदारों की थी जिसे घर के बाहर पार्क किया गया था। कार के पास ही कचरे का ढेर और झाड़ियां थीं, जिनमें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दी गई थी। यही आग धीरे-धीरे फैलते हुए कार तक पहुंची और उसे अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को वहां से हटाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी विजय कुमार ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को खबर दी। सूचना पर सिविल लाइन थाना और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में सीएसईबी का दमकल वाहन भी पहुंच गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि तब तक कार का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कचरे के ढेर में आग किसने और किन परिस्थितियों में लगाई। समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
