बारात में डीजे पर नाचने से मना करना पड़ा भारी, युवक पर चाकू से किया हमला

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बारात के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। समझाइश देने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया जिससे वह घायल हो गया। घटना बुधवार रात पुरानी बस्ती इलाके की है।

जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान दुरपा रोड निवासी 24 वर्षीय संदीप भारद्वाज के रूप में हुई है जो कार सर्विस सेंटर में अकाउंटेंट है। बताया जा रहा है कि 25 मार्च की रात करीब 10 बजे इलाके में एक बारात पहुंची थी। इस दौरान कुछ युवक तेज आवाज में बज रहे डीजे पर वाहन के ऊपर चढ़कर नाच रहे थे।

स्थानीय निवासी संदीप ने सुरक्षा और आसपास के लोगों की परेशानी को देखते हुए युवकों को ऐसा न करने की समझाइश दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान पांडु नामक युवक ने धारदार चाकू निकालकर संदीप पर हमला कर दिया। उसने पेट पर वार करने की कोशिश की लेकिन संदीप के अचानक मुड़ जाने से चाकू कूल्हे के नीचे जा लगा। गनीमत रही कि गंभीर चोट टल गई। घायल संदीप को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article