कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान चोरी की वाशिंग मशीन बरामद की गई है। घटना 24-25 मार्च की दरमियानी रात बायपास रोड के पास हुई।
पुलिस ने बताया कि रात्रि करीब 2:45 बजे सर्वमंगला बस स्टैंड की ओर आते समय एक संदिग्ध व्यक्ति वाशिंग मशीन पीठ पर लादकर ले जाता दिखा। पुलिस द्वारा रोकने पर आरोपी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाशिंग मशीन को पुलिस ने जप्त कर थाना लाया।
जांच में पता चला कि राताखार निवासी राजू पटेल के घर से वाशिंग मशीन लगभग 15,000 और उसके पड़ोसी के घर से सैमसंग मोबाइल 10,000 चोरी हुआ था। बरामद वाशिंग मशीन उसके मालिक ने पहचान ली।
कोरबा पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 283/26 के तहत धारा 321(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
सीएसपी कोरबा ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
