कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल से एक गंभीर मामला सामने आया है जहां अवैध रूप से स्थापित 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत हो गई। इस घटना ने वन विभाग और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार केंदई परिक्षेत्र के कोरबी वनवृत्त के सखोदा परिसर में 26 मार्च को यह दर्दनाक घटना हुई। जंगल क्षेत्र में लगाए गए 11 केवी विद्युत पारेषण लाइन के संपर्क में आने से मादा भालू और उसके दो शावकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच में सामने आया है कि उक्त विद्युत लाइन बिना पूर्व अनुमति के स्थापित की गई थी, जो कि वन संरक्षण अधिनियम 1980 का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमों के अनुसार वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निर्माण या विद्युत लाइन बिछाने के लिए पूर्व स्वीकृति अनिवार्य होती है।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए वन विभाग ने संबंधित पारेषण कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है। वनमंडलाधिकारी, कटघोरा को भेजे गए पत्र में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।