सराफा व्यापारी से दिनदहाड़े लूट, पति-पत्नी को पीटा, CCTV में कैद वारदात; 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत राहौद में एक सराफा व्यापारी के घर और दुकान में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। चार बदमाश सुबह-सुबह घर में घुसे और व्यापारी व उसके परिवार के साथ मारपीट कर लूटपाट की। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
घटना 19 मार्च की सुबह करीब 7:58 बजे की है। राहौद मेन रोड निवासी व्यापारी सुदीप कुमार (35) अपने घर में ही ज्वेलरी शॉप संचालित करते हैं। उसी दौरान चार बदमाश मुख्य दरवाजे से अंदर घुसे। घर में मौजूद बच्चे से उन्होंने परिवार के बारे में जानकारी ली और मौके का फायदा उठाकर अंदर छिप गए।
जैसे ही सुदीप कुमार पूजा के बाद बाहर आए, बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। विरोध करने पर उनका मुंह दबाया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।शोर सुनकर व्यापारी की पत्नी बचाने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की। इस दौरान बच्चा रोते हुए बदमाशों से अपने पिता को छोड़ने की गुहार लगाता रहा। पूरी घटना करीब 2 मिनट तक चली।
शोर सुनकर व्यापारी की पत्नी बचाने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की। इस दौरान बच्चा रोते हुए बदमाशों से अपने पिता को छोड़ने की गुहार लगाता रहा। पूरी घटना करीब 2 मिनट तक चली।
शोर मचने पर भागे आरोपी
परिवार के जोर-जोर से चिल्लाने पर आरोपी दो मोबाइल फोन और कुछ जेवर लेकर मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज में 8 बजे के आसपास उनके भागने का दृश्य भी रिकॉर्ड हुआ है।
एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया
घर मेन रोड से सटा होने के कारण शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन (24) को पकड़ लिया। अन्य आरोपी फरार हो गए।
9 दिन बाद दो और गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 28 मार्च को दो और आरोपियों—रवि निर्मलकर (22) और श्यामजी सिन्हा (24)—को गिरफ्तार किया। दोनों अकलतरा क्षेत्र के निवासी हैं और पूछताछ में वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है।
5 आरोपी शामिल, 2 अब भी फरार
पुलिस के अनुसार इस लूटकांड में कुल 5 आरोपी शामिल थे। तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
आरोपियों ने घर से दो महंगे मोबाइल (करीब 80 हजार रुपये मूल्य), एक कीपैड फोन और कुछ जेवर लूटे हैं। जेवरों की सही मात्रा का आकलन अभी जारी है।